बौलिया तिराहे पर 100 मकानों पर बुलडोजर
वाराणसी, (जनवार्ता)। लहरतारा-बौलिया तिराहे पर गुरुवार सुबह लोक निर्माण विभाग (PWD) ने ध्वस्तीकरण अभियान लाकर करीब 100 मकानों को गिराना शुरू कर दिया। ये कार्रवाई 6 लेन सड़क निर्माण परियोजना के लिए की जा रही है। प्रशासन के अनुसार भवन स्वामियों को करीब एक साल पहले ही मकान खाली करने का नोटिस दिया गया था।

PWD अधिकारियों का कहना है कि जिन जमीनों पर मकान बने थे, वे वन एवं सरकारी भूमि की श्रेणी में आती हैं। पहले मकानों पर लाल निशान लगाकर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी। समय सीमा पूरी होने के बाद विभाग ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू की।
यह अभियान मोहनसराय बाईपास से मुगलसराय तक प्रस्तावित 31 किलोमीटर लंबी 6 लेन सड़क परियोजना का हिस्सा है। मोहनसराय से बौलिया तक सड़क निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि आगे का काम आबादी क्षेत्र में अटका था। इस परियोजना के लिए करीब 197.40 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं।
बौलिया तिराहे के आगे घनी आबादी के कारण जनवरी 2025 से निर्माण कार्य रुका था। सर्वे के बाद करीब 100 मकानों को चिन्हित कर नोटिस जारी किए गए थे। जुलाई 2025 से लगातार सार्वजनिक घोषणाएं भी कराई जा रही थीं।
ध्वस्तीकरण को लेकर 29 जुलाई 2025 को Chandrashekhar Azad ने Yogi Adityanath को पत्र लिखकर कार्रवाई रोकने की मांग की थी, लेकिन प्रशासन ने तय कार्यक्रम के तहत अभियान शुरू कर दिया।
अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई परिवारों को जल्दबाजी में घर खाली करना पड़ा, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

