नमो घाट पर बवाल, किशोर की मौत
वाराणसी (जनवार्ता)। शहर के चर्चित नमो घाट पर रविवार भोर में निजी सुरक्षा गार्डों और पर्यटकों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट में सोनभद्र निवासी 17 वर्षीय किशोर राजेंद्र उर्फ चिंटू की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घटना के बाद घाट पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने चार सुरक्षाकर्मियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, सोनभद्र से आए पर्यटकों का समूह सुबह गंगा दर्शन के लिए नमो घाट पहुंचा था। आरोप है कि प्रवेश द्वार पर तैनात गार्डों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई और विवाद बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गार्डों ने अपने अन्य साथियों और बाउंसरों को बुला लिया, जिसके बाद पर्यटकों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। आरोप है कि युवकों को घाट परिसर में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया।
हमले में गंभीर रूप से घायल राजेंद्र उर्फ चिंटू को कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
सूचना पर आदमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।


