जुलाई भर चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान

जुलाई भर चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान

11 जुलाई से दस्तक अभियान की होगी शुरुआत

वाराणसी (जनवार्ता) । जनपद में डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया समेत अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए एक जुलाई से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा, जिसके तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी।

rajeshswari

सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के समन्वय से संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने डेंगू की रोकथाम के लिए साफ-सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, नालियों और तालाबों की सफाई, झाड़ियों की कटाई-छंटाई तथा खराब इंडिया मार्क-2 हैंडपंपों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। हाई रिस्क वाले गांवों और शहरी क्षेत्रों की विशेष निगरानी करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में आभा आईडी बनाने की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी को विशेष रूप से मेंटल हॉस्पिटल और पुलिस लाइन के समीप स्थित तालाबों के अलावा सारंग तालाब, सोना तालाब और कंदवा तालाब की सफाई एवं झाड़ियों की कटाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। पहाड़िया मंडी सहित अन्य सब्जी मंडियों में नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने पर भी बल दिया गया।

ग्रामीण क्षेत्रों में संचारी रोगों के प्रति संवेदनशील इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाने तथा एंटी लार्वा दवाओं के छिड़काव के लिए जिला पंचायत राज विभाग को निर्देशित किया गया। वहीं, नगर निगम को माइकिंग के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, झुग्गी-झोपड़ी एवं स्लम क्षेत्रों में विशेष सफाई, फॉगिंग, जलभराव निकासी और मच्छरों के प्रजनन स्थलों के नष्टीकरण के निर्देश दिए गए।

इसे भी पढ़े   एक माह बाद खुलेगा विक्रमशिला सेतु, 7 जून से शुरू होगा आवागमन

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान डेंगू, मलेरिया और दिमागी बुखार के साथ-साथ टीबी, कुष्ठ रोग, कालाजार और फाइलेरिया के संभावित मरीजों की पहचान पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। दस्तक अभियान के तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को बुखार होने पर अपनाई जाने वाली सावधानियों और संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देंगी।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग इस अभियान का नोडल विभाग रहेगा, जबकि नगर विकास, पंचायतीराज, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, दिव्यांगजन कल्याण, कृषि एवं सिंचाई विभाग सहित अन्य विभाग भी अभियान को सफल बनाने में सहयोग करेंगे। बैठक में एसीएमओ, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी एस.सी. पांडेय, डीपीआरओ, डीपीओ (आईसीडीएस), सभी खंड विकास अधिकारी तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *