तीन गोलियां लगने के बावजूद ड्यूटी निभाते रहे आरक्षी अमित शुक्ला

तीन गोलियां लगने के बावजूद ड्यूटी निभाते रहे आरक्षी अमित शुक्ला

पुलिस आयुक्त ने किया सम्मानित

वाराणसी (जनवार्ता)। अपराधियों से मुठभेड़ के दौरान तीन गोलियां लगने के बावजूद कर्तव्य के प्रति समर्पण और पुलिस टीम को लगातार सहयोग देने वाले थाना लंका में तैनात आरक्षी अमित कुमार शुक्ला को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सम्मानित किया। शुक्रवार को पुलिस आयुक्त के कैंप कार्यालय में उन्हें प्रतीक चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की गई।

rajeshswari

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को थाना लंका क्षेत्र में अवैध असलहों की तस्करी की सूचना पर पुलिस टीम ने तस्करों की घेराबंदी की थी। इस दौरान आरक्षी अमित कुमार शुक्ला ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों से आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान अमित शुक्ला को तीन गोलियां लगीं। इसका फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद आरक्षी अमित कुमार शुक्ला ने पुलिस कार्रवाई में सहयोग जारी रखा। उन्होंने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय बनाए रखा और पुलिस टीम को लगातार महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध कराईं। पुलिस के मुताबिक, उनके सहयोग और सक्रिय सूचना तंत्र के आधार पर थाना लंका पुलिस ने घटना के महज 10 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में अवैध असलहा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध असलहे, कारतूस और अवैध असलहा निर्माण की फैक्ट्री भी बरामद की थी।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने आरक्षी अमित कुमार शुक्ला के साहस, कर्तव्य के प्रति समर्पण और उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान पुलिस बल के अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने भविष्य में भी इसी निष्ठा और समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

इसे भी पढ़े   महाशिवरात्रि : श्री काशी विश्वनाथ धाम में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *