पांडेयपुर पुलिस चौकी के सामने करंट से गाय की मौत
इलाके में तीसरी घटना से लोगों में आक्रोश
वाराणसी (जनवार्ता)। पांडेयपुर पुलिस चौकी के ठीक सामने इंडियन बैंक वाली गली में करंट की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता और नाराजगी है। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में करंट लगने से गाय की मौत की यह तीसरी घटना है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, एक ही इलाके में लगातार इस तरह की घटनाएं होना गंभीर चिंता का विषय है। हैरानी की बात यह है कि पुलिस चौकी के सामने बार-बार हादसे होने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। घटना ने बिजली विभाग की व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लोगों ने संबंधित विभाग से मौके का निरीक्षण कर करंट फैलने के कारणों का पता लगाने और तत्काल समस्या दूर कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य मवेशी या व्यक्ति के साथ ऐसी घटना न हो।

