हेरिटेज मेडिकल कॉलेज के यूरोलॉजिस्ट का संदिग्ध स्थिति में मिला शव
पत्नी से विवाद की बात सामने आई
वाराणसी (जनवार्ता)। रोहनिया थाना क्षेत्र के भदवर स्थित हेरिटेज मेडिकल कॉलेज में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब कॉलेज के डॉक्टर आवास के आठवें तल स्थित कमरा नंबर 802 में यूरोलॉजिस्ट डॉ. गौतम शुभंकर का शव मिला। वह मूल रूप से कंकड़बाग, पटना के निवासी बताए गए हैं। हेरिटेज मेडिकल कॉलेज की वेबसाइट पर भी डॉ. गौतम शुभंकर को यूरोलॉजी विशेषज्ञ के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।

जानकारी के अनुसार डॉ. गौतम शुक्रवार शाम ड्यूटी समाप्त करने के बाद अपने आवास लौटे थे। शनिवार को वह अस्पताल ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। मोबाइल फोन बंद मिलने पर सहकर्मियों को चिंता हुई और वे डॉक्टर के आवास पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना मिलने पर रोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची। अस्पताल के सुरक्षा कर्मचारियों की मौजूदगी में पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो डॉ. गौतम कमरे के अंदर बेड पर मृत मिले।
घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और कमरे से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस को कमरे से सिरिंज और एनेस्थीसिया की खाली शीशी मिली है। इसके आधार पर दवा की अधिक मात्रा लेने से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
प्रभारी निरीक्षक रोहनिया राजू सिंह के अनुसार, एक महिला रिश्तेदार की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जानकारी में पत्नी से विवाद की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।

