वाराणसी दौरे पर सीएम मोहन यादव ने चखी कचौड़ी-जलेबी, सादगी भरा अंदाज चर्चा में
वाराणसी (जनवार्ता)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को वाराणसी दौरे के दौरान अपने सहज और सादगीपूर्ण अंदाज को लेकर चर्चा में रहे। एयरपोर्ट जाते समय उनका काफिला अचानक मिंट हाउस स्थित श्रीराम भंडार पर रुका, जहां उन्होंने बनारस के प्रसिद्ध स्थानीय व्यंजनों—कचौड़ी, पूरी-राम भाजी और जलेबी—का स्वाद लिया। मुख्यमंत्री का यह सामान्य और आत्मीय व्यवहार वहां मौजूद लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गया।

मुख्यमंत्री के अचानक स्थानीय दुकान पर पहुंचने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए। आम लोगों ने उनसे मुलाकात की और उनके साथ बातचीत कर खुशी जताई। कई लोगों ने कहा कि डॉ. मोहन यादव से मिलकर ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि वे किसी मुख्यमंत्री से बात कर रहे हैं, बल्कि उनका व्यवहार बेहद सामान्य और अपनत्व से भरा था।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के हर राज्य और शहर की अपनी अलग खान-पान संस्कृति होती है, जो उसकी विशिष्ट पहचान को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यंजन और पारंपरिक स्वाद हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जिन्हें संरक्षित और बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री के इस सादगी भरे अंदाज की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। लोग उनके इस सहज व्यवहार की सराहना करते हुए इसे जनसामान्य से जुड़ाव का प्रतीक बता रहे हैं।

