पशुपालक गोष्ठी में हरा चारा और बीज का निःशुल्क वितरण
वाराणसी (जनवार्ता)। आराजी लाइन विकासखंड के शाहंशाहपुर स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय में बुधवार को पशुपालक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पशुपालकों को पशुओं के बेहतर रखरखाव, संतुलित पोषण एवं हरा चारा प्रबंधन की जानकारी दी गई। साथ ही प्रगतिशील पशुपालकों को ज्वार एवं मक्का के बीज सहित हरा चारा की मिनी किट निःशुल्क वितरित की गई।


गोष्ठी को संबोधित करते हुए पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार राव और पशुधन प्रसार अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश सिंह ने पशुपालकों को वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन, हरे चारे के उत्पादन तथा पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. संतोष कुमार राव ने बताया कि राजकीय पशु चिकित्सालय के अंतर्गत आने वाले सभी इच्छुक पशुपालकों के पशुओं का गलाघोटू (एचएस) रोग के विरुद्ध टीकाकरण पूरा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि 22 जुलाई से 1 सितंबर तक पूरे आराजी लाइन विकासखंड में खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग से बचाव के लिए विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक पशुपालकों से अपने पशुओं का टीकाकरण कराने की अपील की गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पशुपालकों ने भाग लिया और विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

