बरेका में ग्रीष्मकालीन फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन
प्रतिभागियों को मिला सम्मान
वाराणसी (जनवार्ता) । बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के संस्थान द्वारा 26 जून से 20 जुलाई तक आयोजित ग्रीष्मकालीन फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को बरेका खेलकूद मैदान में भव्य समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि बरेका के उप महाप्रबंधक सागर रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।


मुख्य अतिथि सागर ने कहा कि नियमित खेलकूद शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता, अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक जीवनशैली के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों से खेलों को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि एवं बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि खेल और रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में अहम योगदान देती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को नियमित रूप से खेल एवं सृजनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर फुटबॉल के साथ शारीरिक दक्षता और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
बरेका संस्थान प्रतिवर्ष ग्रीष्मकालीन शिविर के अंतर्गत फुटबॉल के अलावा बास्केटबॉल, स्केटिंग, रोल बॉल, मार्शल आर्ट्स, शतरंज, चित्रकला, मेहंदी, अबेकस और जुंबा जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करता है, जिससे बच्चों की प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है।
समारोह में पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं एनआईएस कोच विनोद कनौजिया, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी राकेश जोशी, उप सचिव अरविंद तिवारी, प्रशिक्षु, अभिभावक एवं बरेका के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत आनंद राय ने किया, संचालन आलोक कुमार सिंह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन अखिलेश कुमार ने प्रस्तुत किया। फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर के संयोजक भी आलोक कुमार सिंह रहे।

