सावन शिवरात्रि पर काशी विश्वनाथ में उमड़ी भीड़, लाखों ने किया जलाभिषेक
वाराणसी (जनवार्ता)। सावन शिवरात्रि पर मंगलवार को काशी में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में लाखों श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर जलाभिषेक किया। कांवड़ यात्रा के समापन पर सोमवार देर रात से ही मंदिर के विभिन्न प्रवेश मार्गों पर कांवड़ियों की कतारें लग गई थीं। प्रयागराज से संगम का जल लेकर पहुंचे कांवड़ियों की संख्या अधिक रही। भक्तों ने शिवलिंग पर गंगाजल, दूध और बेलपत्र अर्पित किए।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने मैदागिन से मंदिर और गिरजाघर चौराहे से मंदिर मार्ग को नो-व्हीकल जोन घोषित किया। मंदिर से घाटों तक सिविल पुलिस, पैरामिलिट्री और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।


