वाराणसी : गंगा नौकायन के दौरान लाइफ जैकेट अनिवार्य
हाल के हादसे के बाद नमामि गंगे ने चलाया जागरूकता अभियान
वाराणसी (जनवार्ता) । गंगा नदी में हाल ही में तुलसी घाट के पास दो नावों की टक्कर और एक नाव के डूबने के हादसे के बाद सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत बुधवार को श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर नाविकों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अपील की गई कि नाव पर सवार होते समय लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य है। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा, “अपनी और परिवार की सुरक्षा सर्वोपरि है। लाइफ जैकेट पहनकर ही नौकायन करें, नाव की क्षमता से अधिक सवारियां न लें और भीड़भाड़ वाले समय में घाट पर जाने से बचें।”
अभियान में गंगा की स्वच्छता पर भी विशेष जोर दिया गया। लोगों से अपील की गई कि वे गंगा तट पर कचरा न फैलाएं और पवित्र नदी की सफाई में योगदान दें। मेक्सिको से आए विदेशी सैलानियों ने भी इस जागरूकता में सक्रिय भाग लिया और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग किया।
इस मौके पर निशिता, सुधाकर अजीत, कृष्णा सहित कई नाविक और स्वयंसेवक उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने स्लोगन वाली तख्तियों के साथ स्वच्छता और सुरक्षा का संकल्प लिया।

