आराजी लाइन में 92 जोड़ों का विवाह संपन्न
91 ने लिए सात फेरे तो एक जोड़े का हुआ निकाह
वाराणसी (जनवार्ता)। आराजी लाइन ब्लॉक मुख्यालय पर गुरुवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 91 हिंदू जोड़ों का वैदिक मंत्रोच्चार और हिंदू रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न हुआ, जबकि एक मुस्लिम जोड़े का मौलवी ने निकाह कराया। इस प्रकार कुल 92 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। मुख्य अतिथि प्रदेश के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने सभी नवदंपतियों को उपहार भेंटकर आशीर्वाद दिया।


समारोह में मुख्य अतिथि राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, विशिष्ट अतिथि रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, ब्लॉक प्रमुख नगीना पटेल और खंड विकास अधिकारी अनामिका सिंह ने नवदंपतियों को विवाह प्रमाण पत्र के साथ विभिन्न उपहार प्रदान किए। उपहार में डिनर सेट, प्रेशर कुकर, पैंट-शर्ट सेट, साड़ी-पेटीकोट, ट्रॉली बैग, दीवार घड़ी, चूड़ी, कंगन, श्रृंगार सामग्री, श्रृंगार बॉक्स, कढ़ाही, सीलिंग फैन, प्रेस, डबल बेड की चादर, तकिया कवर, कंबल, गद्दा, सिंगल बेड और तकिया सहित अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएं दी गईं। अतिथियों ने नवदंपतियों पर पुष्प वर्षा कर उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।
इस अवसर पर राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए बड़ी सौगात है। इस योजना के माध्यम से बेटियों का सम्मान के साथ विवाह संपन्न हो रहा है और परिवारों पर आर्थिक बोझ कम हो रहा है। सरकार हर गरीब बेटी के साथ खड़ी है तथा उसका सम्मान और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
एडीओ समाज कल्याण प्रमोद कुमार ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक कन्या के खाते में 15 दिन बाद सरकार की ओर से 64 हजार रुपये भेजे जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र सिंह पटेल ने किया। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाली, जिससे विवाह समारोह सकुशल संपन्न हुआ।
इस अवसर पर एडीओ पंचायत सतीश मौर्य, ग्राम पंचायत अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष मुकेश पटेल, शिवपूजन सिंह, संजीव सिंह, संजय यादव, शेरई सिंह, संतोष यादव, शिवशंकर सिंह, विजय गुप्ता, संजीव कुमार कश्यप, श्यामलाल चौहान, मनोज वर्मा, धर्मेंद्र यादव और राम सिंह वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

