यूपी में मानसून सक्रिय, 48 घंटे बारिश व तेज हवा का अलर्ट

यूपी में मानसून सक्रिय, 48 घंटे बारिश व तेज हवा का अलर्ट

वाराणसी (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। वाराणसी, लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश शुरू होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए तेज हवा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

rajeshswari


मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों में वाराणसी में छह मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बीएचयू मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी अधिक होने से उमस बनी रही। सुबह सापेक्षिक आर्द्रता 90 प्रतिशत और शाम को 86 प्रतिशत दर्ज की गई।


मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे तथा गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।


तीन और चार जुलाई को एक-दो दौर की बारिश के साथ अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सात जुलाई से बादलों की गतिविधियां फिर बढ़ेंगी और कई क्षेत्रों में बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी है।


विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में मानसून पूरे प्रदेश में तेजी से आगे बढ़ेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में बारिश शुरू हो चुकी है, जो धीरे-धीरे पूरे राज्य में फैलने की संभावना है। इससे तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।

इसे भी पढ़े   फायर सेफ्टी जांच से कोचिंग संचालकों में खलबली

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *