जीवनदीप में पोषण पखवाड़े का हुआ आयोजित
वक्ताओं ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर दिया जोर
वाराणसी (जनवार्ता)। बड़ा लालपुर स्थित जीवनदीप महाविद्यालय के नर्सिंग हॉल में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में एक दिवसीय पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि वाइस चेयरमैन डॉ. अंशु सिंह के स्वागत के साथ हुई।

मुख्य अतिथि डॉ. अंशु सिंह ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए मातृ एवं शिशु पोषण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेना अत्यंत आवश्यक है, जिससे स्वस्थ शिशु का जन्म हो सके। साथ ही उन्होंने जन्म के बाद नवजात शिशु को माँ का पहला दूध अवश्य पिलाने की बात कही, जिसे उन्होंने बच्चे के लिए अमृत के समान बताया। उन्होंने कुपोषण से बचाव के लिए जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नर्सिंग विभाग के वाइस प्रिंसिपल डॉ. निखिल यादव, बीटीसी की प्राचार्य डॉ. नंदा द्विवेदी तथा शिक्षा विभाग की प्रवक्ता कल्पना चतुर्वेदी ने भी स्वयंसेवकों को मातृ एवं बाल्य पोषण के प्रति जागरूक किया। इस दौरान स्वयंसेवकों व स्वयंसेविकाओं ने भी अपने विचार रखें। संचालन बीएफए की छात्रा नेहा पटेल एवं बीएससी की छात्रा रितिका सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महाविद्यालय के प्राचार्य ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी विक्रम प्रताप सिंह, खेल प्रशिक्षक डॉ. राजेश यादव, बीएफए विभागाध्यक्ष डॉ. संजय सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

