सोनभद्र में पुलिस की कार्रवाई, 51.785 किलो गांजा के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार
सोनभद्र (जनवार्ता)! रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस और एसओजी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 51.785 किलोग्राम अवैध गांजा, एक कार और चार मोबाइल फोन के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

शनिवार तड़के करीब 1:35 बजे रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने ‘मम्मी का ढाबा’ के पास एक अधूरे भवन में छापा मारकर यह कार्रवाई की। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर चलाया जा रहा था, जिसमें नशे के कारोबार पर रोक लगाने की कोशिश की जा रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से बड़ी मात्रा में गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही एक स्विफ्ट डिजायर कार और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से चार लोगों, शेर बहादुर उर्फ शेरू यादव, आकृत उर्फ सचिन पाण्डेय, प्रतीक चौबे उर्फ डम्पी और राज दूबे उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम के जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

