वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री सेवा अभियान 2026 का समापन
सुविधाओं को बेहतर बनाने पर रहा जोर
वाराणसी (जनवार्ता)। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक आयोजित ‘यात्री सेवा अभियान 2026’ का सफलतापूर्वक समापन हो गया। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की ओर से आयोजित इस अभियान की थीम ‘सेवा एवं संकल्प–मुस्कान के साथ सेवा, मापनीय परिणाम’ रही। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ, सहज और सुविधाजनक हवाई यात्रा का अनुभव प्रदान करना था।

अभियान के दौरान हवाई अड्डे पर यात्री सुविधाओं और सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। पार्किंग, परिवहन संपर्क, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छ शौचालय, संकेतक और फ्लाइट इन्फॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम की समीक्षा कर सुधार पर ध्यान केंद्रित किया गया। दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और परिवारों की सुविधा के लिए व्हीलचेयर सहायता, सुगम मार्ग, प्राथमिकता सेवाओं तथा शिशु देखभाल कक्ष जैसी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर भी काम किया गया।
इसके अलावा सामान प्रबंधन में तेजी लाने, डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने और पहली बार हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा दक्षता तथा चिकित्सा एवं आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा भी अभियान का हिस्सा रही। यात्रियों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए हेल्पडेस्क को सक्रिय करने और कर्मचारियों के व्यवहार एवं शिष्टाचार में सुधार पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
अभियान के दौरान विभिन्न हितधारकों के बीच समन्वय बढ़ाकर यात्रा के प्रत्येक चरण की समीक्षा की गई, ताकि सेवा संबंधी कमियों की पहचान कर उनका समाधान किया जा सके। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने यात्री सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अभियान को यात्री-केंद्रित सेवाओं में निरंतर सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

