वाराणसी में डिवाइडर से टकराई राजस्थान से आ रही टूरिस्ट बस, नौ यात्री घायल
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा गांव के पास शुक्रवार सुबह राजस्थान से काशी आ रही टूरिस्ट मिनी बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बस सवार नौ यात्री घायल हो गए। बस में कुल 12 लोग सवार थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10 बजे कछवां चौकी क्षेत्र के बिहड़ा गांव में पाल ढाबे के पास फ्लिपकार्ट कंपनी के सामने हुआ। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया।
पुलिस के अनुसार, घायलों में भूपेंद्र कुमार, सुनीता, सार्थक और शांति बाई की पहचान हुई है। इनके अलावा पांच अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार कराया जा रहा है।

