राठौर ने धान खरीद की तैयारियां अभी से पूरी करने के दिए निर्देश, समितियों की ऋण सीमा 15 लाख
वाराणसी (जनवार्ता)। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सहकारिता जेपीएस राठौर की अध्यक्षता में शनिवार को सर्किट हाउस में सहकारिता विभाग की विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में राठौर ने खरीफ सीजन में होने वाली धान खरीद की तैयारियां अभी से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने धान क्रय केंद्रों की तैयारियों की गहन समीक्षा करने तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने पर जोर दिया।

राठौर ने विगत वर्षों के बकाया कमीशन का भुगतान समितियों को उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बैठक में 100 से 2500 मीट्रिक टन क्षमता वाले नए गोदामों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
इसके अलावा जिला सहकारी बैंक जौनपुर, वाराणसी और गाजीपुर से संबंधित पैक्स कंप्यूटराइजेशन योजना के तहत समितियों के डायनामिक डे-एंड, ऑन सिस्टम ऑडिट और ई-पैक्स रूपांतरण की प्रगति की जानकारी ली गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी समिति डे-एंड से बाहर नहीं निकलनी चाहिए।
समितियों की ऋण सीमा 10 से बढ़ाकर 15 लाख
सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि किसानों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए सरकार ने समितियों की ऋण सीमा 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये करने का निर्णय लिया है। इससे समितियां अधिक सशक्त होंगी और किसानों को भी अधिक लाभ मिल सकेगा।
बैठक में गोदामों के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत योजना, जन औषधि केंद्र तथा अन्य विभागीय योजनाओं की भी समीक्षा की गई। राठौर ने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और शासन की मंशा के अनुरूप किसानों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक वाराणसी मंडल सोमी सिंह ने बुके भेंटकर मंत्री का स्वागत किया। बैठक में संयुक्त आयुक्त सोमी सिंह, सहायक आयुक्त वाराणसी सुरेंद्र मौर्य, सहायक आयुक्त जौनपुर बृजेश पाठक, सहायक आयुक्त गाजीपुर विपिन सिंह, जिला सहकारी फेडरेशन के चेयरमैन राकेश सिंह ‘अलगू’, जिला सहकारी बैंक के सीईओ, जिला प्रबंधक पीसीएफ, पीसीयू एवं यूपीएसएस तथा अपर जिला सहकारी अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

