गंगा पार रेता क्षेत्र बना नशेड़ियों का अड्डा?
खुलेआम गांजा पीते युवकों का वीडियो वायरल
वाराणसी (जनवार्ता)। विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट के सामने गंगा पार रामनगर-डोमरी रेता क्षेत्र में खुलेआम नशाखोरी का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में तीन युवक दिनदहाड़े गांजा पीते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि सुबह और शाम के समय इस क्षेत्र में नशा करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

बताया जाता है कि गंगा पार का रेता क्षेत्र ऊंट और घोड़े की सवारी तथा प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने के लिए पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है। ऐसे में खुलेआम नशाखोरी की घटनाएं वहां आने वाले पर्यटकों के लिए असहज माहौल पैदा कर रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाहरी पर्यटक अक्सर ऐसी गतिविधियों पर आपत्ति जताने से बचते हैं, लेकिन इससे उनकी यात्रा का अनुभव प्रभावित होता है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि रेता क्षेत्र में पुलिस की नियमित गश्त नहीं होने के कारण नशा करने वाले बेखौफ होकर खुलेआम गांजा पीते हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित निगरानी और गश्त बढ़ाने, नशाखोरी पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

