काशी से बड़नगर तक सेवा संकल्प बाइक यात्रा को पांच स्थानों पर मिलेगा भव्य स्वागत
वाराणसी (जनवार्ता) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर 17 सितंबर को आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को भाजपा महानगर कार्यालय गुलाब बाग में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में काशी से गुजरात के बड़नगर तक निकलने वाली ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ के स्वागत और मार्ग व्यवस्था को लेकर पांच प्रमुख स्वागत स्थलों का निर्धारण किया गया।


बैठक में बताया गया कि 17 सितंबर को सेवा यात्री श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक एवं विशेष पूजन-अर्चन करेंगे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु जीवन, राष्ट्र की समृद्धि और यात्रा की सफलता की कामना की जाएगी। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, सिगरा से रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी से प्रधानमंत्री के जन्मस्थान बड़नगर (गुजरात) तक जाने वाली विशाल बाइक यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि सेवा यात्रियों के स्वागत के लिए रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, भारत माता मंदिर के सामने पेट्रोल पंप, कमलापति स्कूल के सामने जवाहर मार्केट, कैंसर हॉस्पिटल लहरतारा और लहरतारा चौराहा पर स्वागत पॉइंट बनाए गए हैं। इन स्थानों पर वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर पर राजेश कुशवाहा, भारत माता मंदिर के सामने शोभनाथ मौर्य व सिंधु सोनकर, कमलापति स्कूल के सामने सुशील गुप्ता, सिद्धनाथ शर्मा व गोपाल जायसवाल तथा कैंसर हॉस्पिटल पर अनिल सागर व मुन्ना सरोज संयोजक रहेंगे। एसटी एवं एससी मोर्चा के समन्वय की जिम्मेदारी अशोक जाटव को दी गई है। लहरतारा चौराहे पर पार्षद संजू सरोज और सत्य प्रकाश जायसवाल स्वागत की व्यवस्था संभालेंगे।
प्रदीप अग्रहरि ने सभी कार्यकर्ताओं और मोर्चा अध्यक्षों से निर्धारित समय पर अपने-अपने स्वागत पॉइंट पर पहुंचकर अनुशासित एवं भव्य तरीके से सेवा यात्रियों का स्वागत करने का आह्वान किया। बैठक में चंद्रशेखर उपाध्याय, आत्मा विशेश्वर, राहुल सिंह, अजय गुप्ता, प्रमील पाण्डेय, अमित खरे, अशोक जाटव, पंकज चतुर्वेदी, मधुप सिंह, राकेश जायसवाल, अनिल उपाध्याय और सत्येंद्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

