विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर काशी में निकला मौन जुलूस
वाराणसी (जनवार्ता)। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भाजपा महानगर एवं जिला वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में जेपी मेहता इंटर कॉलेज से सर्किट हाउस तक मौन जुलूस निकाला गया। जुलूस का नेतृत्व उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने किया।


मौन जुलूस में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता हाथों में संदेश लिखी तख्तियां लेकर शामिल हुए। तख्तियों के माध्यम से विभाजन की पीड़ा को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1947 का विभाजन देश के इतिहास की अत्यंत पीड़ादायक घटना थी। विभाजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को अपने घर-परिवार और पुश्तैनी जमीन छोड़कर विस्थापित होना पड़ा। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस अतीत की पीड़ा को याद करने के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है।
मौन जुलूस सर्किट हाउस पहुंचकर समाप्त हुआ। कार्यक्रम के संयोजक भाजपा महानगर महामंत्री नवीन कपूर रहे।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, नीलकंठ तिवारी, अवधेश सिंह, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय, महापौर अशोक तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

