260 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
बाराबंकी (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 260 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 65 लाख रुपये आंकी गई है।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार पुत्र राम फेर, निवासी ग्राम नजीरपुर मसौधा, थाना पूरा कलंदर, अयोध्या और सिकंदर अली पुत्र अबरार, निवासी ग्राम धन्नीपुर, थाना रौनाही, अयोध्या के रूप में हुई है। एसटीएफ ने इनके पास से गांजे के अलावा एक ट्रक यूपी 42 सीटी 7522, दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड और पैन कार्ड भी बरामद किया है।
एसटीएफ के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि उड़ीसा के बौध से एक ट्रक में अवैध गांजे की खेप छिपाकर लखनऊ भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने बाराबंकी जिले में हैदरगढ़-बछरावां रोड स्थित चीनी मिल नहर पुलिया मोड़ के पास ट्रक को रोककर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से गांजा बरामद हुआ और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी विकास ने कथित तौर पर बताया कि वह छह अगस्त को अयोध्या से उड़ीसा के बौध के लिए निकला था। वहां पहुंचने के बाद ट्रक में मसाला और चावल लोड किया गया। इसी दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों ने उसे गांजा लखनऊ पहुंचाने के एवज में 50 हजार रुपये देने की बात तय की थी। इसके बाद वह गांजे की खेप लेकर लखनऊ के लिए रवाना हुआ था।
इस मामले में हैदरगढ़ थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

