गैंगस्टर को भेलूपुर पुलिस ने घर से दबोचा
वाराणसी। अपराधियों और फरार अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भेलूपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक वारंटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने शुक्रवार, 20 नवंबर को अभियुक्त को उसके घर से दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गोलू सोनकर उर्फ रविदयाल (40) पुत्र रामजी सोनकर निवासी सुदामापुर, बजरडीहा, थाना भेलूपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ मुकदमा संख्या 665/2019 में उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एवं असामाजिक क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 3(1) के तहत मुकदमा दर्ज है। इस मामले में 13वें अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, वाराणसी की अदालत से उसके खिलाफ वारंट जारी किया गया था।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर वारंटियों और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण में एसीपी भेलूपुर और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में भेलूपुर थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय, उपनिरीक्षक दीपक कुमार, कांस्टेबल रामनगीना मौर्य और हेड कांस्टेबल राकेश चौधरी शामिल रहे।

