समाजसेवी ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव को लिखा पत्र
आयुष्मान कार्ड में संशोधन की मांग
वाराणसी (जनवार्ता) : वाराणसी जिले के राजातालाब तहसील के महनाग गांव निवासी समाजसेवी सुबेदार यादव ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव को पत्र लिखकर बुजुर्ग किसानों की स्वास्थ्य समस्याओं पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जारी आयुष्मान कार्ड में संशोधन की मांग की है, ताकि बुजुर्गों को आंखों की रेटिना संबंधी बीमारियों के इंजेक्शन और लकवे (स्ट्रोक) जैसे गंभीर रोगों का इलाज आसानी से मिल सके।

सुबेदार यादव ने अपने पत्र में अपनी मां सोमारी देवी (लगभग 75 वर्ष) का उदाहरण दिया, जिनकी आंखों में रेटिना की समस्या है। डॉक्टरों ने 20 हजार रुपये के दो इंजेक्शन लगाने की सलाह दी, लेकिन अस्पताल ने आयुष्मान कार्ड से इलाज करने से इनकार कर दिया। इसी तरह, उनके फूफा बाबूराम यादव (पिंडरा तहसील के छिऊलियां गांव निवासी) को लकवा मार गया। इलाज के लिए उन्होंने अपनी 5 बिस्वा जमीन बेचनी पड़ी, जबकि उनके पास आयुष्मान कार्ड था, लेकिन डॉक्टरों ने कार्ड से उपचार की अनुमति नहीं दी।
समाजसेवी का कहना है कि देश के लाखों-करोड़ों बुजुर्ग किसान इसी तरह की परेशानियों से जूझ रहे हैं। आयुष्मान भारत जैसी महत्वाकांक्षी योजना से बुजुर्गों को बड़ी उम्मीद जगी थी, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा। उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव से संसद में इस मुद्दे को उठाकर केंद्र सरकार से आयुष्मान कार्ड में आवश्यक संशोधन करवाने का अनुरोध किया है, जिससे बुजुर्गों को आंखों के रेटिना इंजेक्शन, लकवे का उपचार सहित सभी प्रकार की जांच और इलाज आसानी से उपलब्ध हो सके।

