खून से पत्र लिख सपा नेता ने उठाई गाय को ‘राष्ट्रीय माता’ घोषित करने की मांग
वाराणसी (जनवार्ता)। शहर में सोमवार को एक अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। समाजवादी पार्टी के नेता जीशान अंसारी ने गाय को ‘राष्ट्रीय माता’ का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर अपने खून से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पत्र लिखा और जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।

जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे जीशान अंसारी ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, परंपरा और धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक है। उनका कहना था कि देश में गाय के विशेष महत्व को देखते हुए केंद्र सरकार को उसे ‘राष्ट्रीय माता’ घोषित करने पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
उन्होंने अपने खून से प्रधानमंत्री के नाम पत्र लिखकर मांग का समर्थन किया और जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि ज्ञापन को केंद्र सरकार तक पहुंचाया जाए। इस दौरान जिला अधिकारी कार्यालय परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और प्रदर्शन चर्चा का विषय बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस अनोखे विरोध प्रदर्शन पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं व्यक्त कीं।
फिलहाल इस मांग को लेकर जिला प्रशासन अथवा केंद्र सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। अब इस मांग पर सरकार क्या रुख अपनाती है, इस पर लोगों की निगाहें टिकी हैं।

