वाराणसी पब्लिक स्कूल में राज्य स्तरीय अंडर-20 हैंडबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, गाजियाबाद ने दर्ज की पहली जीत
वाराणसी (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश खेल एवं शिक्षा परिषद एवं उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-20 (बालक वर्ग) हैंडबॉल प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ रविवार को वाराणसी पब्लिक स्कूल, केराकतपुर (लोहता) में भव्य समारोह के साथ हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता 7 से 9 जून तक आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न मंडलों और जनपदों से 150 से अधिक खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं अधिकारी भाग ले रहे हैं।


प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष एवं खाद्य सुरक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने किया। इस अवसर पर विकास प्राधिकरण वाराणसी के मानद सदस्य अंबरीश सिंह भोला विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में खेल, शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।

उद्घाटन समारोह में अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया। विद्यालय के अध्यक्ष विजय कुमार जायसवाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया, जबकि वाराणसी हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष संतोष पाण्डेय ने विशिष्ट अतिथि का सम्मान किया।
अपने संबोधन में अंबरीश सिंह भोला ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और समर्पण का महत्व बताते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। वहीं उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के कार्यकारी महासचिव एवं उत्तर प्रदेश खेल एवं शिक्षा परिषद के अध्यक्ष अमित पाण्डेय ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करती हैं।
मुख्य अतिथि दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेल न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाते हैं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का भी विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को परिश्रम, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया तथा सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की।
प्रतियोगिता में वाराणसी, लखनऊ, हरदोई, संत कबीर नगर, मऊ, मुरादाबाद, गोरखपुर, प्रयागराज, गाजियाबाद और संत रविदास नगर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमें भाग ले रही हैं। उद्घाटन के बाद खेले गए पहले मुकाबले में गाजियाबाद और संत कबीर नगर की टीमों के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन अंततः गाजियाबाद ने संत कबीर नगर को 21-15 से पराजित कर प्रतियोगिता में विजयी शुरुआत की।
आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और खेल भावना ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। आगामी दिनों में विभिन्न टीमों के बीच कई रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश खेल एवं शिक्षा परिषद तथा वाराणसी हैंडबॉल संघ के पदाधिकारियों सहित खेल एवं शिक्षा जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

