कपसेठी के कुरु गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त
नई प्रतिमा स्थापित कराने की प्रक्रिया शुरू
वाराणसी (जनवार्ता) । कपसेठी थाना क्षेत्र के ग्राम कुरु में पॉलिटेक्निक के पास स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को अज्ञात व्यक्ति द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।


पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह सूचना प्राप्त होने पर थाना कपसेठी पुलिस तत्काल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब एवं उप जिलाधिकारी राजातालाब ने मौके का निरीक्षण किया।
प्रशासन ने ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों के सहयोग से क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित कराने की प्रक्रिया शुरू करा दी है, ताकि क्षेत्र में सामान्य स्थिति बनी रहे।
इस मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कपसेठी में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं तथा मामले की गहन जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना में शामिल आरोपी की जल्द पहचान कर उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर सतर्क निगरानी की जा रही है।

