राजातालाब : तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पर फर्जी मुकदमे का जोरदार विरोध
वाराणसी (जनवर्ता) । राजातालाब तहसील बार एसोसिएशन के फाउंडर सदस्य व पूर्व अध्यक्ष बच्चा लाल यादव के खिलाफ राजातालाब थाने में दर्ज फर्जी मुकदमे के विरोध में बुधवार को तहसील के अधिवक्ताओं ने पूर्ण कार्य बहिष्कार कर हड़ताल कर दी।

बड़ी संख्या में वकील थाने पहुंचे और पुलिस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की तथा चेतावनी दी कि यदि फर्जी मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
घटना की पृष्ठभूमि में क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में उपस्थिति को लेकर विवाद के दौरान मारपीट हुई थी, जिसमें कॉलेज संचालक और उनके पिता घायल हुए थे। इस मामले में तनाव के बीच सोमवार को केशव प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने सुलह कराने के नाम पर धमकी देने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कर लिया।
अधिवक्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने एक फोन नंबर को आधार बनाकर फर्जी मुकदमा कायम किया है। यह नंबर सम्मानित अधिवक्ता बच्चा लाल यादव का है, जो अपने मुवक्किल के हित में संवैधानिक दायरे में रहकर बातचीत कर रहे थे। किसी प्रकार की धमकी नहीं दी गई थी।
तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा, “अधिवक्ता ने मात्र अपने मुवक्किल की मदद की थी। बातचीत की ऑडियो क्लिप को तोड़-मरोड़कर फर्जी मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। यह वकीलों के अधिकारों पर हमला है।”
हड़ताल के कारण तहसील न्यायालय में कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा। फरियादी खाली हाथ लौट गए। अधिवक्ताओं ने कहा कि निष्पक्ष जांच न होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

