तेज आंधी-तूफान ने छावनी में मचाई तबाही, आधा दर्जन पेड़ गिरे
वाराणसी (जनवार्ता)। गुरुवार देर रात अचानक उठी तेज हवाओं और भारी बारिश ने छावनी क्षेत्र को बुरी तरह प्रभावित किया। करीब आधा दर्जन बड़े-बड़े पेड़ उखड़कर गिर गए, जिससे इलाके के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सौभाग्य से इस घटना में किसी की जान नहीं गई।


सबसे भयावह दृश्य लाल चर्च के समीप देखने को मिला, जहां एक विशाल पेड़ तेज आंधी में जड़ से उखड़कर गिर पड़ा। इसकी चपेट में आया एक टेंपो ट्रेवलर काफी हद तक क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही चर्च की बाउंड्री वॉल भी टूट गई। घटना के समय आसपास मौजूद लोग भयभीत हो गए और चारों ओर चीख-पुकार मच गई, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

इसी तरह मिंट हाउस स्टेशन रोड पर एक बड़ा नीम का पेड़ गिरने से पूरा मार्ग बंद हो गया। वहीं 39 जीटीसी गेट नंबर-6 के पास भी एक पेड़ धराशायी होने की सूचना मिली। छावनी के विभिन्न इलाकों में पेड़ गिरने से देर रात तक स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही छावनी प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। रात भर चले अभियान में पेड़ों को काटकर हटाया गया और सभी बाधित मार्गों को सुबह तक यातायात के लिए खोल दिया गया।

