बीमारी ठीक न होने पर तांत्रिक को ठहराया जिम्मेदार

बीमारी ठीक न होने पर तांत्रिक को ठहराया जिम्मेदार

छह लोगों ने मिलकर कर दी हत्या

वाराणसी (जनवार्ता)। बीमारी और आर्थिक तंगी दूर करने के लिए कराए गए पूजा-पाठ के बावजूद जब परिवार की परेशानियां कम नहीं हुईं और एक युवक की तबीयत और बिगड़ गई तो आरोपियों ने तांत्रिक को इसका जिम्मेदार मान लिया। पुलिस के अनुसार इसी नाराजगी में छह लोगों ने तांत्रिक की हत्या की साजिश रची और उसे किराये के मकान में बुलाकर मार डाला। लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद किया है।

rajeshswari

गोइठहां स्थित ओम नगर कॉलोनी निवासी तांत्रिक अनीश उपाध्याय की पत्नी ने नौ जुलाई को पति के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। 13 अगस्त को उन्होंने पति की हत्या किए जाने और शव झाड़ियों में छिपाए जाने की आशंका जताते हुए प्रार्थनापत्र दिया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो वारदात की परतें खुलती चली गईं।

एडीसीपी वरुणा लिपि नगायच और एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके परिवार में बीमारी और गरीबी की समस्या चल रही थी। ऊपरी साया होने के शक में उन्होंने अनीश से संपर्क किया और चार-पांच दिन तक पूजा-पाठ कराया। इसके बावजूद समस्या दूर नहीं हुई। इसी दौरान विकास गौड़ की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई और उसे इलाज के लिए कानपुर ले जाना पड़ा। इसके बाद आरोपियों ने अनीश को जिम्मेदार मानते हुए उसकी हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अपने साथी साहिल पर साया होने का बहाना बनाकर अनीश को कंचनपुर, मंडुवाडीह स्थित किराये के मकान में बुलाया। वहां उस पर लकड़ी के स्टूल, घरेलू गैस सिलेंडर और लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि वारदात का शोर बाहर न पहुंचे, इसके लिए कमरे में म्यूजिक सिस्टम पर तेज आवाज में गाने चलाए गए। हत्या के बाद कमरे में पड़े खून के निशान साफ किए गए और दुर्गंध छिपाने के लिए रूम फ्रेशनर व बॉडी स्प्रे का इस्तेमाल किया गया।

इसे भी पढ़े   नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस का प्रदर्शन, सैकड़ों कार्यकर्ता हिरासत में

पुलिस ने मामले में सोनू, विशाल, विकास कुमार गौड़, साहिल गौड़, अभिषेक उर्फ रोहित कश्यप और मोहित कश्यप को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का स्टूल, गैस सिलेंडर, लोहे की रॉड और म्यूजिक सिस्टम भी बरामद किया है। सोनू को 13 अगस्त को थाने से गिरफ्तार किया गया, जबकि विशाल, विकास और साहिल को काली माता मंदिर से नई बस्ती जाने वाली सड़क के पास से पकड़ा गया। अभिषेक उर्फ रोहित कश्यप और मोहित कश्यप को शुक्रवार को घनश्याम पीजी कॉलेज, पांडेयपुर के पास से गिरफ्तार किया गया।

कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। पुलिस मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *