दुर्गा पूजा और दशहरा पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें अधिकारी: जिलाधिकारी

दुर्गा पूजा और दशहरा पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें अधिकारी: जिलाधिकारी

नई परंपरा की नहीं होगी शुरुआत, निर्धारित मार्गों से ही निकलेगा विसर्जन जुलूस: पुलिस आयुक्त

वाराणसी। दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की संयुक्त अध्यक्षता में शुक्रवार को यातायात पुलिस लाइंस सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गा पूजा एवं रामलीला समितियों के पदाधिकारियों से उनकी समस्याएं और सुझाव सुने गए। संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

rajeshswari

जिलाधिकारी ने बिजली विभाग को दुर्गा पूजा के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ जर्जर बिजली के खंभों और लटकते तारों को तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और जिला पंचायत को अभियान चलाकर सड़कों के गड्ढों की मरम्मत एवं पैचवर्क शीघ्र पूरा कराने को कहा। मूर्ति स्थापना और विसर्जन स्थलों तक जाने वाले मार्गों को दुरुस्त करने के साथ पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी ने जलकल विभाग को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति तथा जरूरत वाले स्थानों पर मोबाइल शौचालय की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। नगरीय क्षेत्रों में दुर्गा पूजा पंडालों, मूर्ति विसर्जन स्थलों और कुंडों की साफ-सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपी गई, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज अधिकारी को सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा गया। उन्होंने आयोजकों से पंडालों में वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था के लिए इमरजेंसी लाइट और जनरेटर की व्यवस्था रखने की अपील की।

परंपरागत स्थलों पर ही होगा मूर्ति विसर्जन

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मूर्ति विसर्जन पोखरों, तालाबों और पर्याप्त पानी वाले निर्धारित स्थलों पर ही कराया जाएगा। किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होगी। विसर्जन स्थलों तक जाने वाले मार्गों पर साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, पर्याप्त पानी और प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। उन्होंने रावण दहन के आयोजनों को भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और श्रद्धा एवं भक्ति के साथ त्योहार मनाने की अपील की।

इसे भी पढ़े   चलती लोकल ट्रेन में युवक की चाकू मारकर हत्या, मामूली विवाद बना जानलेवा

महिला पुलिसकर्मियों की होगी तैनाती, सीसीटीवी से निगरानी

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसीपी और थाना प्रभारी दुर्गा पूजा एवं रामलीला समितियों के पदाधिकारियों के साथ समन्वय बैठक कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर लें। रामलीला मंचन और मेले वाले स्थलों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल लगाने के निर्देश दिए गए।

पुलिस आयुक्त ने पंडालों, रामलीला मंचन और रावण दहन स्थलों पर उचित बैरिकेडिंग कराने तथा कार्यक्रम निर्धारित समय पर समाप्त करने को कहा। उन्होंने आयोजकों से मूर्ति विसर्जन के दौरान पूरी सड़क नहीं घेरने और निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की। बड़े पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा विसर्जन जुलूस में अश्लील गाने बजाने से परहेज करने के निर्देश भी दिए।

वालंटियर की सूची थाने में उपलब्ध कराने के निर्देश

पुलिस आयुक्त ने दुर्गा पूजा समितियों से पंडालों पर पर्याप्त संख्या में वालंटियर तैनात करने को कहा। वालंटियर की पहचान के लिए अलग जर्सी, बिल्ला अथवा पहचान पत्र जारी करने और उनकी सूची संबंधित थाने में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों के दुर्गा पूजा पंडालों एवं मूर्ति विसर्जन स्थलों का निरीक्षण करने को कहा। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं की जानकारी तत्काल पुलिस प्रशासन को देने की अपील भी की गई।

बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीसीपी गौरव वंशवाल, डीसीपी राजेश पांडेय, एडीसीपी यातायात, एडीएम सिटी पंकज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़े   वाराणसी : निवेश के नाम पर 5 लाख की ठगी

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *