सड़क निर्माण अधूरा छोड़ने पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, कादीपुर चौराहा जाम
धरना-प्रदर्शन से बाबतपुर एयरपोर्ट मार्ग घंटों बाधित
वाराणसी (जनवार्ता)। मां नेपाली भगवती धाम के पास कादीपुर चौराहे से धौरहरा जाने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सड़क को तीन माह से अधिक समय तक खोदकर छोड़ दिए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने कादीपुर चौराहे पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे बाबतपुर एयरपोर्ट जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह जाम हो गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन के बाद भी सड़क निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। सड़क खोदे जाने के कारण आए दिन लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धूल, गड्ढों और जलभराव की समस्या से स्थानीय निवासी तथा राहगीर परेशान हैं।
धरना-प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की। प्रदर्शन के कारण बाबतपुर एयरपोर्ट मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य कराने की कोशिश की गई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

