कारगिल विजय दिवस पर काशी विश्वनाथ धाम में वीर शहीदों को श्रद्धांजलि, सेना के शौर्य को किया नमन
वाराणसी (जनवार्ता)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में नमामि गंगे के तत्वावधान में भारतीय सेना के शौर्य और कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान देश की सुरक्षा में लगे जवानों के लिए विशेष प्रार्थना की गई।

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में नमामि गंगे की ओर से भारतीय सेना के अदम्य साहस और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। गंगा द्वार स्थित भारत माता की प्रतिमा के समक्ष आयोजित कार्यक्रम में देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों को नमन किया गया तथा उनकी आत्मा की शांति और सुरक्षा बलों के मंगलमय भविष्य की कामना की गई।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि कारगिल विजय दिवस वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध में भारतीय सेना की ऐतिहासिक विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में विषम परिस्थितियों के बावजूद भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दुश्मन के कब्जे वाले क्षेत्रों को मुक्त कराया और तिरंगा पुनः फहराया। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर जवानों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शहीदों के सम्मान में श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके अद्वितीय साहस एवं बलिदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल शहीदों को श्रद्धांजलि देने का अवसर ही नहीं, बल्कि नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा की भावना जागृत करने का भी संदेश देता है।
इस अवसर पर नीरज सिंह, सौरभ पाण्डेय, शशिभूषण पाण्डेय, अर्जुन सिंह, नमन पाण्डेय, गोलू यादव, अंकित यादव, शुभम गुप्ता, राकेश कुमार, भावेश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

