यूपी कॉलेज : छात्रों ने तीसरे दिन काली पट्टी बांधकर किया प्रदर्शन
वाराणसी (जनवार्ता)। उदय प्रताप कॉलेज परिसर में बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में छात्रों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को तीसरे दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी रहा। छात्रों ने बांहों पर काली पट्टी बांधकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध जताया और घटना की निंदा की।

धरने पर बैठे छात्रों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कॉलेज प्रशासन से कैंपस सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, प्राचार्य सहित दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मृतक छात्र के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
इसी दौरान हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के छात्रों ने भी विशाल सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन किया और सूर्य प्रताप सिंह हत्याकांड में न्याय की मांग की।
20 मार्च को दिनदहाड़े यूपी कॉलेज परिसर में ही सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने पहले से सुरक्षा में लापरवाही बरती जिसके चलते यह घटना हुई।
छात्रों ने प्राचार्य धर्मेंद्र कुमार सिंह को तत्काल हटाने और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग भी रखी है। विरोध के दौरान कुछ छात्रों ने सिर भी मुंडवाए थे।
पुलिस ने कैंपस में सुरक्षा बढ़ा दी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। छात्रों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखेंगे लेकिन न्याय मिलने तक नहीं हटेंगे।

