दीर्घायु अस्पताल में मरीज की मौत पर हंगामा

दीर्घायु अस्पताल में मरीज की मौत पर हंगामा

चिकित्सक के अस्पताल से चले जाने पर भड़के परिजन

वाराणसी। आशापुर स्थित दीर्घायु अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद सोमवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सक पर उपचार में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और घटना की जानकारी जुटाई।

rajeshswari

जौनपुर जिले के शाहगंज निवासी अंशु सिंह को पथरी के उपचार के लिए दीर्घायु अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि उपचार के दौरान चिकित्सक एसके जायसवाल द्वारा दवा दिए जाने के बाद मरीज की हालत अचानक बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद चिकित्सक बिना कोई जानकारी दिए अस्पताल से चले गए।

मृतक के परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद उन्हें मरीज से मिलने में परेशानी हुई। इस पर मृतक के भाई सत्यम सिंह को संदेह हुआ। उनके अनुसार, जब वह आईसीयू में पहुंचे तो उनकी बहन मृत अवस्था में पड़ी थीं। इसके बाद परिजनों का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने अस्पताल परिसर के बाहर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

परिजनों ने संबंधित चिकित्सक को मौके पर बुलाने और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि जब तक घटना की जांच नहीं होती और उन्हें न्याय का भरोसा नहीं मिलता, तब तक वे शव को अस्पताल से नहीं ले जाएंगे।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, मरीज की मौत का वास्तविक कारण क्या रहा, यह चिकित्सकीय जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल अस्पताल प्रशासन अथवा संबंधित चिकित्सक का पक्ष सामने नहीं आया है।

इसे भी पढ़े   रामनगर में तेल चोरी के अवैध धंधे का पर्दाफाश, 8 गिरफ्तार

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *