वाराणसी: रॉटविलर की चाकू मारकर हत्या, पिटबुल घायल; चार पर केस
वाराणसी (जनवार्ता)। चौबेपुर थाना क्षेत्र के संदहा गांव में पालतू कुत्तों पर कथित हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित अनुराग दीक्षित की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के अनुसार, 5 जुलाई को उनके पालतू रॉटविलर पर चाकू से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, उनके दूसरे पालतू पिटबुल पर भी धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
अनुराग दीक्षित का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद उन्होंने चौबेपुर थाने में तहरीर दी।
चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


