वाराणसी के छात्र ने बनाया ‘रोबो कॉप’
वाराणसी (जनवार्ता)। धर्मनगरी वाराणसी के एक छात्र ने फॉरेंसिक जांच को आधुनिक बनाने की दिशा में बहुउद्देश्यीय रोबोट विकसित करने का दावा किया है। बीएससी फॉरेंसिक के छात्र प्रीतम शर्मा ने करीब पांच माह की मेहनत और लगभग 1.5 लाख रुपये की लागत से ऐसा रोबोट तैयार किया है, जो करीब एक मिनट में बाइक से रोबोट और रोबोट से बाइक का रूप ले सकता है।

प्रीतम के अनुसार यह रोबोट स्वयं क्राइम सीन तक पहुंचने में सक्षम है। इसमें लगे कैमरे, डिस्प्ले और ड्रोन की सहायता से घटनास्थल की निगरानी, संदिग्धों की पहचान और अपराधियों का पीछा करने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा यह रक्त, बाल और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्यों को सुरक्षित तरीके से एक विशेष बॉक्स में संग्रहित करता है, जिसमें निर्धारित तापमान बनाए रखने की व्यवस्था भी की गई है ताकि साक्ष्य सुरक्षित रहें।
रोबोट में डिजिटल एफआईआर, रिकॉर्ड प्रबंधन, घटनास्थल की फोटोग्राफी और डिजिटल दस्तावेज तैयार करने जैसी सुविधाएं भी शामिल होने का दावा किया गया है। साथ ही इसमें ऐसे सेंसर और सुरक्षा प्रणाली भी लगाई गई है, जो किसी असामाजिक तत्व द्वारा इसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश होने पर सक्रिय हो सकती है।
प्रीतम शर्मा इससे पहले शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एजुकेशनल तथा नर्सिंग रोबोट भी तैयार कर चुके हैं। उनका कहना है कि यह नया रोबोट पुलिस की विवेचना को अधिक तेज, सुरक्षित और तकनीक आधारित बनाने में उपयोगी साबित हो सकता है।

