वीडीए की 8 महीनों में 358 करोड़ की आय
पारदर्शिता और तेज़ कार्यप्रणाली का मिला परिणाम
वाराणसी (जनवार्ता)। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने नवंबर 2025 से जून 2026 के बीच आठ महीनों में कुल 358 करोड़ रुपये की आय अर्जित कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। सोमवार को आयोजित वीडीए की 134वीं बोर्ड बैठक में इस उपलब्धि की सराहना करते हुए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा के नेतृत्व में पूरी टीम के कार्यों की प्रशंसा की गई।

वीडीए के आंकड़ों के अनुसार, नवंबर 2025 में 14.39 करोड़ रुपये की आय से शुरुआत हुई, जबकि मार्च 2026 में सर्वाधिक 83.68 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इसके अलावा दिसंबर में 22.07 करोड़, जनवरी में 37.65 करोड़, फरवरी में 43.16 करोड़, अप्रैल में 64.04 करोड़, मई में 45.38 करोड़ तथा जून 2026 में 48 करोड़ रुपये की आय दर्ज की गई।
प्राधिकरण के अनुसार, आय में वृद्धि के दो प्रमुख कारण रहे। पहला, भवन निर्माण के नक्शों की स्वीकृति प्रक्रिया को सरल और तेज बनाना। अब नक्शे 7 से 15 दिनों के भीतर स्वीकृत किए जा रहे हैं, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ा और बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से नक्शे पास कराए। इससे भवन अनुभाग के माध्यम से 104.61 करोड़ रुपये की आय हुई।
दूसरा प्रमुख कारण अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई और लंबे समय से खाली पड़ी प्राधिकरण की भूमि की पारदर्शी नीलामी रही। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद इन संपत्तियों की खुली नीलामी से संपत्ति अनुभाग को 108.64 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त अन्य विभिन्न मदों से 87.15 करोड़ रुपये की आय हुई।
29 जून को हुई 134वीं बोर्ड बैठक में सदस्यों ने इस उपलब्धि को केवल राजस्व वृद्धि नहीं, बल्कि प्राधिकरण की बदली हुई कार्यसंस्कृति, पारदर्शिता और प्रभावी प्रशासन का परिणाम बताया। बोर्ड ने उम्मीद जताई कि इस वित्तीय मजबूती से वाराणसी में आधारभूत सुविधाओं और विकास परियोजनाओं को और गति मिलेगी।
वीडीए का मानना है कि पारदर्शी व्यवस्था, समयबद्ध सेवाएं और प्रभावी प्रशासनिक कार्यप्रणाली के माध्यम से सरकारी संस्थाएं भी बेहतर परिणाम दे सकती हैं, जिसका सीधा लाभ शहर के नियोजित विकास और नागरिकों को मिलेगा।

