जंसा-हरहुआ क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश
सीसीटीवी फुटेज में भी नहीं मिला सुराग
वाराणसी। जंसा और हरहुआ क्षेत्र में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बड़ागांव थाना क्षेत्र के वार गांव स्थित दुर्गा माता मंदिर में गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर पांच बड़े और 15 छोटे घंटे चोरी कर लिए। चोरी गए घंटों का कुल वजन करीब 40 किलो बताया गया है। शुक्रवार सुबह मंदिर पहुंचे स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी हुई। ग्रामीणों ने डायल-112 और हरहुआ पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मंदिर का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

इसी बीच जंसा थाना क्षेत्र में भी चोरों ने शिव मंदिर और मिठाई की दुकान को निशाना बनाया। बेसहूपुर स्थित शिव मंदिर से करीब 20 किलो का घंटा चोरी कर लिया गया। ग्रामीणों के अनुसार, इसी मंदिर से चार सितंबर को दानपात्र भी चोरी हुआ था। वहीं, एक मिठाई की दुकान से नकदी और सामान चोरी किए जाने की भी सूचना है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। 11 सितंबर को भतसार जोगी वीर पाही गांव में असलहे के बल पर तीन घरों में लूट की घटना हुई थी। ग्रामीणों के मुताबिक इसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। आठ सितंबर को खेवली ग्राम पंचायत भवन का ताला तोड़कर कंप्यूटर समेत अन्य सामान चोरी किए जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद नौ सितंबर को कपरफोरवा पंचायत भवन में भी चोरी की घटना हुई।
लगातार हो रही घटनाओं को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और पूर्व की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि घटनाओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

