बीएचयू : छात्रावास में पानी की किल्लत पर हिंसक झड़प, एक सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल

बीएचयू : छात्रावास में पानी की किल्लत पर हिंसक झड़प, एक सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल

वाराणसी (जनवार्ता) । काशी हिंदू विश्वविद्यालय के बिरला-अ छात्रावास में रविवार की आधी रात पानी की किल्लत को लेकर छात्रों और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। लगभग एक घंटे तक चली पथराव की इस घटना में कई सुरक्षाकर्मी घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल सुरक्षाकर्मी को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

rajeshswari

घटना की शुरुआत रात करीब 11:30 बजे हुई जब छात्रावास में पीने के पानी की समस्या से नाराज छात्रों ने सड़क जाम कर दिया। वार्डन ने तुरंत 75 बोतल पानी मंगवाकर छात्रों को शांत किया और सुबह तक समस्या सुलझाने का आश्वासन दिया। छात्र लौट गए लेकिन कुछ देर बाद फिर सड़क पर इकट्ठा होकर केक काटने लगे। सुरक्षाकर्मियों द्वारा उन्हें रोके जाने पर विवाद बढ़ गया और धक्का-मुक्की से मारपीट शुरू हो गई।

छात्रों ने हॉस्टल की छत पर चढ़कर लाइटें बंद कर दीं और अंधेरे का फायदा उठाते हुए लगातार पत्थरबाजी की। प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम बेबस नजर आई। स्थिति बिगड़ने पर भेलूपुर के एसीपी गौरव कुमार तीन थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाउडस्पीकर से अपील की जिसके बाद रात 2:15 बजे मामला शांत हुआ।

वार्डन ने माइक से छात्रों को भावुक अपील की और कहा कि आप लोगों ने शिक्षकों को मां-बहन की गाली दी और सुरक्षा करने वालों पर पत्थर चलाए यह बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। इस दौरान छात्र पानी दो पानी दो के नारे लगाते रहे।

छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को आठ सूत्री मांग पत्र सौंपा है जिसमें सभी खराब वाटर कूलर और आरओ तुरंत बदलने, बाथरूम शौचालय और ड्रेनेज सिस्टम की मरम्मत, पानी की टंकियों की नियमित सफाई, खराब लाइट्स बदलने और हॉस्टल में साफ-सफाई, जिम लाइब्रेरी और कॉमन हॉल की व्यवस्था तथा खेल मैदान और बाग की मरम्मत शामिल है।

इसे भी पढ़े   सड़क पर अतिक्रमण और शराबखोरी पर कैंट पुलिस की सख्ती

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि पानी की समस्या को लेकर प्रदर्शन के दौरान कहासुनी हुई जिसके बाद पथराव शुरू हो गया। पुलिस बल ने तुरंत पहुंचकर स्थिति नियंत्रित कर ली। वर्तमान में परिसर में शांति है और छात्रों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया गया है।

यह घटना बीएचयू परिसर में छात्रावास सुविधाओं की बदहाली को लेकर बढ़ते असंतोष को उजागर करती है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की मांगों पर तुरंत कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *