मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में कार्यशाला संपन्न

मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में कार्यशाला संपन्न

वाराणसी (जनवार्ता)। हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग द्वारा “गाइडेंस एंड काउंसलिंग सेल” के तत्वावधान में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय “तनाव, चिंता एवं भावनात्मक स्वास्थ्य प्रबंधन की तकनीकें” रहा, जिसमें छात्र-छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

rajeshswari

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं महाविद्यालय के संस्थापक भारतेन्दु बाबू हरिश्चंद्र की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. ममता वर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में तेजी से बदलते सामाजिक परिवेश में तनाव, चिंता और भावनात्मक असंतुलन समाज की गंभीर समस्या बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि सकारात्मक तनाव व्यक्ति को लक्ष्य तक पहुंचाने में सहायक होता है, जबकि नकारात्मक तनाव लंबे समय तक बने रहने पर उच्च रक्तचाप, मधुमेह, माइग्रेन और हृदय रोग जैसी समस्याओं का कारण बन सकता है।

प्रो. वर्मा ने विद्यार्थियों से बेहतर मानसिक स्वास्थ्य के लिए संवाद कौशल, अभिव्यक्ति क्षमता, सूक्ष्म व्यायाम, प्राणायाम और ध्यान को दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।

कार्यशाला की मुख्य वक्ता ईरा त्रिपाठी, मनोसामाजिक कार्यकर्ता, एसएसपीजी मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा ने मानसिक स्वास्थ्य प्रबंधन और सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नींद न आना, उदासी, निराशा, आत्महत्या के विचार, गुस्सा, घबराहट के दौरे, मोबाइल और सोशल मीडिया की लत जैसी समस्याएं मानसिक अस्वस्थता के प्रमुख संकेत हैं। उन्होंने शैक्षणिक तनाव को कम करने के लिए समय प्रबंधन, योग, ध्यान और सकारात्मक आदतों के विकास पर जोर दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के उप-प्राचार्य प्रो. विश्वनाथ वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में बड़ी संख्या में युवा मानसिक तनाव से जूझ रहे हैं। ऐसे में इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों को मानसिक रोगों के लक्षण, कारण और उपचार के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इसे भी पढ़े   अश्विनी वैष्णव ने दी खुशखबरी,इतने महीने में साणंद-अहमदाबाद के बीच चलेगी हाई स्पीड ट्रेन

कार्यक्रम में प्रो. अनिल कुमार, प्रो. अनिता सिंह, डॉ. देवेंद्र सिंह, डॉ. ओम शर्मा, डॉ. अलका श्रीवास्तव, पवन सिंह, गणेश यादव, रुचि गुप्ता सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। संचालन डॉ. वीरेंद्र पटेल तथा स्वागत डॉ. आशुतोष द्विवेदी ने किया।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *