बनारस स्टेशन पर भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब संग दो तस्कर गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। जीआरपी कैण्ट और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बनारस रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान के दौरान भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। दोनों अभियुक्तों के कब्जे से कुल 11.550 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10,270 रुपये बताई गई है।


जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में चोरी एवं अवैध तस्करी की घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी एवं आरपीएफ टीम बनारस स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित कोच रेस्टोरेंट के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक भारी बैग लेकर प्लेटफॉर्म की ओर आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों वापस भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना नाम गौरव कुमार निवासी बिहारशरीफ जनपद नालंदा तथा राहुल कुमार निवासी अस्थामा जनपद नालंदा, बिहार बताया। तलाशी के दौरान उनके बैग से 13 बोतल रॉयल स्टेज सुपीरियर व्हिस्की (750 एमएल) और 10 टेट्रा पैक ऑफिसर्स च्वाइस अंग्रेजी शराब (180 एमएल) बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में जीआरपी कैण्ट प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर, आरपीएफ निरीक्षक राजेश कुमार, चौकी प्रभारी बनारस एसआई अशोक कुमार ओझा समेत जीआरपी और आरपीएफ के अन्य जवान शामिल रहे।

