यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में गिरी, 3 की मौत, कई घायल
देहरादून (जनवार्ता)| उत्तराखंड के देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मीनस–क्वानू–हरिपुर मार्ग पर सुदोई खड्ड के पास यात्रियों से भरी एक बस गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों में 6–7 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 10 बजे हुई। बस में लगभग 30 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे एक ट्रक को साइड देने के दौरान बस सड़क के किनारे चली गई, जिससे सड़क का पुश्ता धंस गया और बस अनियंत्रित होकर कई पलटे खाते हुए गहरी खाई में गिर गई। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एसडीआरएफ कमांडेंट अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर डाकपत्थर, चकराता, मोरी और ट्यूनी से रेस्क्यू टीमें रवाना की गईं। राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया गया और घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
इस घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी नजदीकी मेडिकल सेंटरों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और जरूरत पड़ने पर गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में भेजा जाएगा। उन्होंने दिवंगत यात्रियों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।


