जिलाधिकारी ने नागेपुर ग्राम में लगाई चौपाल

जिलाधिकारी ने नागेपुर ग्राम में लगाई चौपाल

वाराणसी (जनवार्ता)   : वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने विकास खंड आराजी लाइन के अंतर्गत ग्राम पंचायत नागेपुर में ‘गांव की समस्या, गांव में समाधान’ कार्यक्रम के तहत ग्राम चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

rajeshswari

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा उनकी शिकायतों का तुरंत समाधान सुनिश्चित करना था। चौपाल में जिलाधिकारी ने योजनाओं के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें योजनाओं की जानकारी प्राप्त हो रही है और लाभ भी मिल रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे, इसकी पूरी जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत योजना पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाए, जिससे पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज संभव हो सके। किसानों की फसल क्षति पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत शीघ्र क्षतिपूर्ति तथा पीएम किसान सम्मान निधि से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निपटारे के निर्देश दिए गए। वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांगजन पेंशन संबंधी किसी भी समस्या का मौके पर ही समाधान करने को कहा।

उन्होंने ब्लॉक स्तर के कर्मचारियों को निर्देशित किया कि चौपाल में उपस्थित रहकर पात्र वंचित लाभार्थियों का सत्यापन करें और उन्हें योजनाओं से लाभान्वित कराएं। महिलाओं को आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने वाली योजनाओं पर भी प्रकाश डाला गया।

इसे भी पढ़े   Sonbhadra rape news - नाबालिग लड़की के साथ किया था दुष्कर्म,20 वर्ष कैद की कड़ी सजा

चौपाल के बाद जिलाधिकारी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों पर ग्रामीणों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने मतदाता सूची में **एएसडी, अनकलेक्टेबल एवं अनमैप्ड** मतदाताओं, फार्म-6 (घोषणा-पत्र सहित), 6ए, 7 एवं 8 के बारे में जानकारी दी। निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर की समय-सीमा एक माह बढ़ाए जाने की सूचना देते हुए अपील की कि लोग निर्धारित तिथियों में मतदाता सूची का अवलोकन करें, नाम सत्यापित करें और जरूरत पड़ने पर दावा/आपत्ति दर्ज कराएं। 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवा फार्म-6 भरकर बीएलओ को सौंपें या https://voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करें।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, डीसी मनरेगा पवन कुमार सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

यह कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा मतदाता जागरूकता बढ़ाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास साबित हुआ।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *