भदोही पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक
भदोही (जनवार्ता )। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जनपद भदोही में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक भदोही अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों एवं एंटी-रोमियो टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाई।


अभियान के तहत प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों-कॉलेजों, धार्मिक स्थलों तथा अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों पर टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को सरकारी योजनाओं तथा हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। पंपलेट वितरित कर जागरूकता फैलाई गई। पुलिस ने महिलाओं को बताया कि ये योजनाएं और हेल्पलाइनें उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, आर्थिक स्वावलंबन और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के लिए उपलब्ध हैं। एंटी-रोमियो टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर छेड़छाड़ एवं असुरक्षा के खिलाफ सतर्कता बरतने का संदेश भी दिया।

भदोही पुलिस ने इस अभियान के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और महिलाओं को मजबूत बनाने की दिशा में अपना योगदान दिया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर चलाए जाएंगे ताकि हर महिला और बालिका सुरक्षित एवं सशक्त महसूस कर सके।

