भदोही : महिलाओं और बालिकाओं को मिली सुरक्षा और सशक्तिकरण की नई ताकत
भदोही (जनवार्ता) । पुलिस द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण एवं सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के देखरेख में यह अभियान पूरे जोश के साथ जारी है।


जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो स्क्वॉड और महिला पुलिसकर्मी प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूल-कॉलेजों, धार्मिक स्थलों तथा अन्य भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सक्रिय रूप से भ्रमण कर रही हैं। वे चौपाल लगाकर छात्राओं, बालिकाओं और महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित कर रही हैं। अभियान के दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों की पूरी जानकारी दी जा रही है, साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है। पंपलेट बांटकर जागरूकता फैलाई जा रही है।

मुख्य हेल्पलाइन नंबर जो महिलाओं के लिए त्वरित सहायता प्रदान करते हैं, उनमें वूमेन पावर लाइन 1090 (महिलाओं की सुरक्षा के लिए 24×7), पुलिस आपातकालीन सेवा 112 (तुरंत मदद), महिला हेल्पलाइन 181, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930, सीएम हेल्पलाइन 1076 तथा स्वास्थ्य हेल्पलाइन 102/108 शामिल हैं।

इनके अलावा महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पीएम स्वनिधि योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, वन स्टॉप सेंटर, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री फ्री सिलाई योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना तथा महिला ई-हाट योजना जैसी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। ये योजनाएं महिलाओं की आर्थिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी मजबूती बढ़ाती हैं।
यह अभियान न केवल महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा जगाता है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनने का मार्ग भी दिखाता है। पुलिस की सक्रियता और मुख्य महिला आरक्षी इंदु राय तथा पूनम राय से समाज में सकारात्मक बदलाव आ रहा है और महिलाएं अब अधिक आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो रही हैं।

