भोपाल : कर्ज के बोझ तले दबे युवक ने उजाड़ दिया पूरा परिवार
40 लाख रुपये के कर्ज में डूबा था परिवार का मुखिया, घर में मिले चार शव
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। छोला थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी स्थित पीएमएवाई एलआईजी कॉलोनी के एक मकान में मां, पत्नी और दो मासूम बच्चों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं परिवार के मुखिया 35 वर्षीय नरेंद्र साहू का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नरेंद्र ने पहले अपनी मां, पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या की और फिर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।

मृतकों की पहचान नरेंद्र साहू (35), उनकी मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति (10) और बेटे खुश (6) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, घर के अंदर मिले चारों शवों के सिर और गले पर चोट के निशान थे। घटनास्थल से खून से सना चाकू और हथौड़ा भी बरामद हुआ है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
कारोबार में घाटे के बाद 40 लाख रुपये के कर्ज में डूबा था नरेंद्र
प्रारंभिक जांच में इस सामूहिक हत्याकांड के पीछे आर्थिक तंगी और भारी कर्ज का दबाव सामने आया है। बताया जा रहा है कि नरेंद्र पर करीब 30 से 40 लाख रुपये का कर्ज था। उसने बैंक से कर्ज लेकर कारोबार शुरू किया था, लेकिन कारोबार में लगातार नुकसान होने से वह कर्ज चुकाने में असमर्थ हो गया था। आर्थिक तंगी के चलते उसने अपना मकान और गाड़ियां तक बेच दी थीं। भानपुर स्थित उसका होटल भी बंद हो गया था।
इसके बाद उसने साहूकारों से भी रुपये उधार लिए थे। होटल बंद होने के बाद वह सीहोर जिले के आष्टा स्थित एक रिसॉर्ट में रसोइये का काम करने लगा था। हालांकि करीब 15 दिन पहले उसने यह नौकरी भी छोड़ दी थी। पुलिस इसी आर्थिक स्थिति और कर्ज के दबाव को घटना की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है।
बहनोई को फोन कर बुलाया, रेलवे ट्रैक पर मिला शव
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह नरेंद्र के मोबाइल फोन से उसके बहनोई दीपक को फोन कर सूखी सेवनिया रेलवे ट्रैक के पास बुलाया गया था। वहां पहुंचने पर नरेंद्र का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। इसके बाद परिजन मालीखेड़ी स्थित उसके घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे पर ताला बंद था। परिवार के किसी सदस्य से संपर्क नहीं होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया तो अलग-अलग कमरों में मां, पत्नी और दोनों बच्चों के शव पड़े मिले। घर से चाकू, हथौड़ा और कुछ बोतलें भी बरामद हुई हैं। आशंका जताई जा रही है कि वारदात से पहले परिवार के सदस्यों को कोई नशीला या जहरीला पदार्थ दिया गया होगा। हालांकि इसकी पुष्टि फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
मोबाइल और फॉरेंसिक साक्ष्यों की जांच में जुटी पुलिस
डीसीपी आदर्शकांत शुक्ला के अनुसार, नरेंद्र के कर्ज और आर्थिक स्थिति से जुड़ी जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना से पहले परिवार में क्या परिस्थितियां थीं और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

