मेड़ता रोड पर मेगा ब्लॉक, मई में 21 ट्रेनों का संचालन प्रभावित
जोधपुर-फुलेरा रेलखंड पर आरयूबी निर्माण; 4 ट्रेनें रद्द, कई के रूट बदले
जोधपुर (जनवार्ता)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर-फुलेरा रेलखंड पर स्थित मेड़ता रोड जंक्शन यार्ड में लेवल क्रॉसिंग संख्या 100 के स्थान पर रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) निर्माण कार्य के चलते मई माह में मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। रेलवे प्रशासन के अनुसार इस ब्लॉक का असर 21 ट्रेनों के संचालन पर पड़ेगा।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि सुरक्षित और सुगम रेल संचालन को ध्यान में रखते हुए यह निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ब्लॉक के दौरान 4 ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, 5 ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द की जाएंगी, 8 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित रहेगा तथा 4 ट्रेनें मार्ग में रेगुलेट की जाएंगी। यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की गई है।
पूरी तरह रद्द रहने वाली ट्रेनों में 14891 जोधपुर-हिसार एक्सप्रेस 24 मई को, 14892 हिसार-जोधपुर एक्सप्रेस 25 मई को तथा 22977/22978 जयपुर-जोधपुर-जयपुर इंटरसिटी सुपरफास्ट 24 मई को दोनों दिशाओं में रद्द रहेगी।
परिवर्तित मार्ग से संचालित होने वाली ट्रेनों में 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस 24 मई को जोधपुर-लूनी-मारवाड़ जंक्शन-अजमेर-फुलेरा मार्ग से चलेगी। 14888 बाड़मेर-ऋषिकेश एक्सप्रेस 24 मई को जोधपुर-फलोदी-लालगढ़-बीकानेर मार्ग से संचालित होगी। 14887 ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस 23 मई को बीकानेर-फलोदी-जोधपुर मार्ग से चलेगी। 14707 हनुमानगढ़-दादर रणकपुर एक्सप्रेस 24 मई को बीकानेर-फलोदी-जोधपुर मार्ग से संचालित होगी। 14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस 23 मई को फुलेरा-अजमेर-मारवाड़ जंक्शन मार्ग से चलाई जाएगी। 14853 वाराणसी सिटी-जोधपुर एक्सप्रेस 23 मई को परिवर्तित मार्ग से चलेगी। 14087 दिल्ली-जैसलमेर रुणिचा एक्सप्रेस 24 मई को फुलेरा-अजमेर-मारवाड़ जंक्शन मार्ग से संचालित होगी। 22632 बीकानेर-मदुरई एक्सप्रेस 24 मई को बीकानेर-रतनगढ़-चूरू-सीकर-जयपुर मार्ग से चलाई जाएगी।
मार्ग में रेगुलेट होने वाली ट्रेनों में 15624 कामाख्या-भगत की कोठी एक्सप्रेस 22 मई को 120 मिनट, 12465 इंदौर-जोधपुर रणथंभौर एक्सप्रेस 24 मई को 20 मिनट, 22481 जोधपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला सुपरफास्ट 24 मई को 30 मिनट तथा 12468 जयपुर-जैसलमेर लीलण एक्सप्रेस 24 मई को 30 मिनट की देरी से संचालित होगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि मेगा ब्लॉक के दौरान यात्रा शुरू करने से पहले एनटीईएस ऐप, रेलवे हेल्पलाइन या स्टेशन पूछताछ केंद्र से ट्रेन की ताजा स्थिति जरूर जांच लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।

