रॉबर्ट्सगंज में पुलिस का सघन अभियान, बुलेट के हाई-प्रेशर साइलेंसर और ऑटो के डीजे हटवाए
सोनभद्र (जनवार्ता)! रॉबर्ट्सगंज कोतवाली और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से शनिवार को धर्मशाला चौक के पास विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की। इस दौरान बुलेट मोटरसाइकिलों में लगे हाई-प्रेशर साइलेंसर और ऑटो में बज रहे तेज लाउडस्पीकर हटवाए गए।


शहर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए यह अभियान चलाया। अभियान के दौरान महिला थाना प्रभारी सविता सरोज और टीआई भरत राय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही।

कार्रवाई के तहत बुलेट मोटरसाइकिलों में लगे तीन हाई-प्रेशर साइलेंसर को उतरवाया गया, जो तेज आवाज कर आम लोगों को परेशान कर रहे थे। इसके अलावा कई ऑटो रिक्शा में लगे डीजे और लाउडस्पीकर भी हटवाए गए, जो बिना अनुमति तेज ध्वनि में बजाए जा रहे थे।
इस दौरान दर्जनों पुलिसकर्मी तैनात रहे और आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से वाहन चालकों में खलबली मच गई और कई लोग मौके से बचकर निकलने की कोशिश करते नजर आए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अनावश्यक ध्वनि प्रदूषण से बचें, ताकि शहर का वातावरण शांत और सुरक्षित बना रहे।

