सोनभद्र में मिशन शक्ति के तहत बड़ी कार्रवाई, नाबालिग छात्रा से छेड़खानी मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार
सोनभद्र (जनवार्ता)! महिला सुरक्षा के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए कोन थाना पुलिस ने नाबालिग छात्रा से छेड़खानी, अश्लील हरकत और धमकी देने के मामले में छह नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, सोमवार कि सुबह कोन थाना क्षेत्र में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 59/26 में धारा 76, 352, 351(2) बीएनएस एवं 7/8 पाक्सो एक्ट के तहत आरोपित छह वांछित अभियुक्तों को मुखबिर की सूचना पर विम्ढमगंज-कोन बस स्टैंड तिराहा, कस्बा कोन से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में यशवन्त (35), सुमन्त कुमार (30), शशि कुमार (21), राकेश (20), मनीष कुमार (21) और विकेश कुमार (26) शामिल हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राकेश राय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

